देवघर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान SIR-2026 को लेकर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने मंगलवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ संख्या 255 से 260 तक पहुंचकर अनमैप्ड, त्रुटिपूर्ण विवरण वाले और पूर्व में नोटिस प्राप्त मतदाताओं के दावों एवं आपत्तियों की स्वयं ऑन-स्पॉट सुनवाई की। इस दौरान एसडीओ ने बूथ स्तरीय अधिकारियों और सुपरवाइजरों को लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा में पारदर्शी तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और त्रुटिहीन मतदाता सूची जरूरी है, इसलिए कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीओ ने योग्य मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित करने और अयोग्य अथवा दोहरे नामों को हटाने पर जोर दिया। साथ ही नोटिस प्राप्त मतदाताओं से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेज संबंधित कार्यालय में जमा करने की अपील की।
