देवघर। सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ की नगरी से सामने आई एक तस्वीर ने हर किसी का दिल जीत लिया। राजकीय श्रावणी मेला 2026 के दौरान एक दिव्यांग कांवरिया को झारखंड पुलिस के जवान ने अपने कंधे पर उठाकर मंदिर के अर्घा तक पहुंचाया और बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण कराया। मंदिर परिसर में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच जवान का यह सेवा भाव पुलिस की मानवीय संवेदना और समर्पण को दर्शाता है। श्रद्धालु के लिए उस समय जवान किसी सहारे से कम नहीं था। वर्दी जहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रही है, वहीं जरूरतमंदों के लिए मदद का हाथ भी बढ़ा रही है। अंतिम सोमवारी पर सामने आई यह तस्वीर बताती है कि कर्तव्य के साथ इंसानियत निभाना भी खाकी की पहचान है। झारखंड पुलिस के जवान की इस पहल की श्रद्धालुओं ने भी सराहना की। यह दृश्य सेवा, संवेदना और समर्पण की खूबसूरत मिसाल बन गया।
