देवघर। राजकीय श्रावणी मेला 2026 में आस्था के साथ एक अनोखी प्रेम कहानी भी सामने आई। सुल्तानगंज से कांवर लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकले एक युवक-युवती के बीच कांवरिया पथ पर प्यार परवान चढ़ा और देवघर पहुंचते-पहुंचते दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दोनों ने विवाह कर एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया।
बताया जा रहा है कि दोनों सुल्तानगंज से कांवर यात्रा करते हुए देवघर की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान कांवरिया पथ पर दोनों की मुलाकात हुई और बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बाबा नगरी पहुंचने के बाद दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया। इसके बाद बाबा बैद्यनाथ मंदिर में धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच दोनों ने विवाह किया और बाबा का आशीर्वाद लिया।
शादी के बाद नवविवाहित जोड़े ने बाबा बैद्यनाथ से सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अनोखी शादी को देखने के लिए मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और कांवरियों की भीड़ जुट गई। लोगों ने नवदंपती को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की।
श्रावणी मेला के दौरान देवघर में जहां लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित करने पहुंच रहे हैं, वहीं इस प्रेम कहानी ने कांवरिया पथ की यात्रा को दोनों के लिए जीवनभर की यादगार बना दिया।
