देवघर। कुण्डा थाना क्षेत्र के कोरियासा मैदान के आसपास हथियार खरीद-बिक्री की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर एक अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के इरादे से मैदान के आसपास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर एक आरोपी भागने लगा, जिसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके बनियान के अंदर छिपाकर रखा गया एक थैला बरामद हुआ। थैले से एक कार्बाइन मशीन गन (CMG), दो मैगजीन और आई-टेल कंपनी का कीपैड मोबाइल बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज कुमार सिंह, पिता भरत सिंह, निवासी रोहिणी परमेश्वर चौक, जसीडीह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सूरज कुमार सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह देवीपुर थाना के लूटकांड और बांका उत्पाद थाना के शराब तस्करी मामले में जेल जा चुका है।
