देवघर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में आज जिले में आगामी 19 अप्रैल को झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (जेपीएससी) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से ब्रीफिंग का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने परीक्षा से जुड़े तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक समन्वय तथा अभ्यर्थियों की सुविधा से जुड़ी विभिन्न जानकारी से सभी को अवगत कराया।
इसके अलावा ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने संबंधित अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों व केंद्र अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही गश्ती दल सह नोडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल मजिस्ट्रेट, सहायक समन्वयक तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को उनके कर्तव्यों के बारे में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिया गया। वही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और सुनिश्चित करें कि वहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता उपलब्ध हो। केंद्रों पर समय से प्रश्न पत्र पहुंचाने एवं परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से संग्रहण एवं प्रेषण की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। गश्ती दल को लगातार भ्रमण करते हुए स्थिति पर निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल या कदाचार की घटनाओं को सख्ती से रोका जाए। इसके लिए स्टैटिक दंडाधिकारियों को विशेष निर्देश दिया गया कि वे परीक्षा कक्षों के भीतर और आसपास कड़ी निगरानी और सतर्कता बनाए रखेंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, अग्निशमन वाहन की तैनाती तथा पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये।
आगे ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त ने सभी को निर्देशित किया कि पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त रोशनी, बेंच-डेस्क सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। केंद्राधीक्षकों को सीसीटीवी की पूर्व जांच करने तथा आवश्यकतानुसार वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 19 अप्रैल को सुबह सात बजे से सक्रिय रहेगा, जो परीक्षा सामग्री के सुरक्षित जमा होने तक कार्यरत रहेगा।

