देवघर। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष अभियान चलाकर पीवीटीजी (PVTG) गांवों का व्यापक निरीक्षण किया गया। अभियान के तहत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के दूरस्थ और जनजातीय गांवों में पहुंचकर धरातलीय स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना।
गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। इसी क्रम में निरीक्षण के दौरान कई गांवों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई। जहां भी चापाकल खराब पाए गए, वहां त्वरित मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। कई स्थानों पर खराब पड़े चापाकलों को मौके पर ही दुरुस्त कराया गया, ताकि ग्रामीणों को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने जल संकट की संभावित स्थिति से निपटने के लिए नियमित निगरानी बनाए रखने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान पीवीटीजी परिवारों को मिल रही सरकारी योजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर राशन वितरण, स्वास्थ्य सेवाएं, आवास योजना, पेंशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। कई गांवों में लाभुकों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के बारे में फीडबैक भी लिया गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पीवीटीजी समुदाय के लोगों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिले। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी जरूरतमंद परिवार को मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा आगे भी इस तरह का विशेष निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जाएगा।
