देवघर नगर थाना पुलिस ने महाबीर मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए चोरी गए सभी सामान बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 248/26 दिनांक 27 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार, कचहरी परिसर स्थित महाबीर मंदिर के पुजारी रामाधार पाण्डेय ने लिखित शिकायत में मंदिर से पीतल का चौमुखी दीप, परात, थाली, लोटा, धूपदानी तथा कांसे का गलंतिका चोरी होने की सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया।
तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष धपरा (19 वर्ष), निवासी केकेएन स्टेडियम, नगर थाना क्षेत्र, देवघर को 25 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए गए हैं। बरामद कांसे का गलंतिका टूटी हुई अवस्था में मिला।
