देवघर: कुण्डा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे दो अपराधियों को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने की। मामले में कुण्डा थाना कांड संख्या 82/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a, 26 और 35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि चाँदडीह-सरकंडा जंगल में छह अपराधी हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने जंगल में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही चार अपराधी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि दो अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चाँदडीह बसमता निवासी 22 वर्षीय अविनाश साह और दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कुरुमटाँड़ निवासी 26 वर्षीय अमर पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे अपने साथियों के साथ चाँदडीह बसमता क्षेत्र में डकैती की योजना बनाने के लिए एकत्र हुए थे। पुलिस के अनुसार, इनका संबंध पूर्व में हुई डकैती, लूट और छिनतई की कई घटनाओं से भी रहा है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो जिंदा 8 एमएम कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा तीन मोटरसाइकिल (एक अपाचे और दो पल्सर) बरामद की हैं। फरार चार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
