देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी साइबर पुलिस बनकर लूटपाट करने वाले अंतरजिला वर्दी गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जसीडीह थाना क्षेत्र के कोकहराजोरी-रौशन मोड़ के बीच एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी कर 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरोह के कब्जे से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक मैगजीन, पांच सेट केमोफ्लाज वर्दी, पांच टोपी, चार पुलिस स्टिक तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य सरगना मो. मुबारक अंसारी उर्फ गुड्डू (उप-मुखिया, हुसैनाबाद) समेत अन्य सदस्य साइबर पुलिस की वर्दी पहनकर साइबर अपराधियों के घरों में छापेमारी का झांसा देकर लूटपाट करते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह ने जसीडीह, मोहनपुर, सोनारायठाढ़ी, मधुपुर और पथरौल थाना क्षेत्रों में कई वारदातों को अंजाम दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मो. फारुख अंसारी फिरौती के लिए अपहरण जैसे गंभीर मामले में सजायाफ्ता भी है।
इस मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 248/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
