देवघर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई, जहां अपराधियों की ही गोली से उनके एक साथी राजन लाल की मौत हो गई। घटना 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे की है, जब जयपुर मोड़ के पास एक मालवाहक मैजिक वाहन को निशाना बनाया गया। जानकारी के अनुसार, कोका-कोला कंपनी का फ्रिज सप्लाई करने के लिए मालवाहक मैजिक वाहन से कंपनी का आठ पीस फ्रिज लोडकर बडगांव चौक रांची से साहेबगंज जा रहा था।
इसी दौरान एक उजले रंग की फॉर्च्यूनर कार और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार कुल छह अपराधियों ने ट्रक को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर चालक से करीब 2000 रुपये नकद और उसका सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद वे चालक को जबरन अपनी कार में बैठाने का प्रयास करने लगे।
घटना के दौरान एक अपराधी चालक पर पिस्तौल ताने हुए था, तभी अचानक गोली चल गई, जिससे उनके ही एक साथी राजन लाल को गोली लग गई। इस अफरातफरी में चालक किसी तरह जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा। वहीं घायल अपराधी को उसके साथी देवघर सदर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सारठ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भाग रहे अपराधियों को फॉर्च्यूनर वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल, एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा, फॉर्च्यूनर कार, एक बिना नंबर की R15 बाइक, तथा वाहन का टूटा नंबर प्लेट बरामद किया है। मृतक अपराधी की पहचान राजन लाल (25 वर्ष), निवासी रिखिया, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसका आपराधिक इतिहास शून्य बताया गया है।
इस मामले में मोहनपुर थाना कांड संख्या 58/2026 के तहत बीएनएस 2023 एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
