देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपियों की संलिप्तता ऑनलाइन ठगी के विभिन्न मामलों में पाई गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग Flipkart, Amazon, PhonePe, Paytm, Airtel Payment Bank समेत विभिन्न संस्थानों के फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। आरोपी Google पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर आम लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना और लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों से ऑनलाइन ठगी की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों में तमीम अंसारी, तुलसी यादव और राजेश कुमार यादव शामिल हैं। इनमें से राजेश कुमार यादव के खिलाफ पूर्व से भी साइबर अपराध का मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी कैशबैक और गिफ्ट कार्ड का लालच देकर लोगों से रकम ठगते थे तथा बैंकिंग सेवाओं के नाम पर संवेदनशील जानकारी हासिल कर साइबर अपराध को अंजाम देते थे। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।
