देवघर: झारखंड के सभी 24 प्रशासनिक जिलों में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा बिजली दर में लगातार वृद्धि, बार-बार हो रही बिजली कटौती तथा पोस्टपेड मीटर में मनमाने बिलिंग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
इसी क्रम में देवघर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के कार्यपालक एवं अधीक्षण अभियंता के कार्यालय का जिला स्तरीय आक्रोशपूर्ण घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर अपनी नाराजगी जताई।
भाजपा नेताओं का कहना है कि सरकार द्वारा 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की बात कही जाती है, लेकिन जैसे ही खपत 201 यूनिट होती है, उपभोक्ताओं को पूरा बिल चुकाना पड़ता है। साथ ही अनियमित बिजली आपूर्ति से आम लोग परेशान हैं, वहीं पोस्टपेड मीटर में कथित गलत बिलिंग से उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
