बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं के लिए तैयार नया फुट ओवरब्रिज………
देवघर :राजकीय श्रावणी मेला 2026 के शुभारंभ से पहले बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ नवनिर्मित फुट ओवरब्रिज का सफल परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बेहतर कतार प्रबंधन जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। नया फुट ओवरब्रिज श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से मंदिर परिसर तक पहुंचाने में सहायक होगा। इससे भीड़ का दबाव कम होगा और जाम व भगदड़ जैसी स्थितियों की संभावना भी काफी हद तक समाप्त होगी।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि ओवरब्रिज शुरू होने से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी। सुरक्षा बलों को कतार नियंत्रण में सुविधा मिलेगी तथा असामाजिक तत्वों पर बेहतर निगरानी रखी जा सकेगी। इससे श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से बाबा बैद्यनाथ का दर्शन और जलार्पण कर सकेंगे।
परीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, एसडीओ सह बाबा मंदिर प्रभारी रवि कुमार, पंडा धर्मरक्षिणी सभा के पदाधिकारी, स्थानीय पुरोहित, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा अभियंता भी उपस्थित रहे।

