देवघर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह शनिवार को केकेएन स्टेडियम में देशभक्ति के उत्साह और उमंग के बीच आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया।
मंत्री हफीजुल हसन ने जिलेवासियों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और वीर सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने में शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के नागरिक हैं।
अपने संबोधन में मंत्री ने देवघर जिले में सरकार की ओर से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया।


