BCCL की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल……………..
धनबाद। कतरास के रामकनाली इलाके में बंद पड़ी कोयला खदान में मलबा धंसने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों लोग बंद खदान से कोयला चुनने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मलबा गिर गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक बेहद गरीब परिवारों से थे और कोयला चुनकर उसे बेचने से होने वाली आमदनी से परिवार का भरण-पोषण करते थे। गरीबी और रोजी-रोटी की मजबूरी उन्हें बंद खदान के खतरनाक इलाके तक ले गई।
हादसे के बाद BCCL की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खदान बंद होने के बाद भी उसका मुहाना पूरी तरह सुरक्षित या सील नहीं किया गया था, जिसके कारण लोग वहां कोयला चुनने पहुंचते रहे।
तीन मौतों के बाद इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। अब पुलिस-प्रशासन की जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं। जांच में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
