धनबाद जिले में गोलीबारी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। ताजा मामला लोयाबाद थाना क्षेत्र के कनकनी पासी पट्टी का है, जहां रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक घर को निशाना बनाकर गोली चला दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे पासी पट्टी निवासी रवि मिर्धा के घर पर अपराधियों ने फायरिंग की। रवि मिर्धा झरिया स्थित एक आउटसोर्सिंग कंपनी में चालक के रूप में कार्यरत हैं। बताया जाता है कि बदमाशों ने घर की लोहे की खिड़की से सटाकर गोली चलाई। गोली खिड़की को भेदते हुए घर के अंदर रखी अलमारी में जा लगी। इससे अलमारी का शीशा टूट गया और गोली अंदर ही फंस गई।
घटना के समय रवि मिर्धा सहित परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और जाग उठे। जब उन्होंने घर की खिड़की और अलमारी को क्षतिग्रस्त देखा तो घटना की जानकारी मिली। गनीमत रही कि गोली किसी व्यक्ति को नहीं लगी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और हमलावर की तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर के अंदर अलमारी में फंसी गोली को बरामद कर लिया है।
मामले को लेकर लोयाबाद थाना प्रभारी पिकु प्रसाद ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल गोली चलाने वाले अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद इलाके के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
धनबाद से चंदन पांडे की रिपोर्ट……….
