बैंक कार्ड बंद होने का झांसा देकर करते थे ठगी, 10 मोबाइल व 10 सिम कार्ड बरामद।
जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिण्डारी, सकलपुर और तिलैया (केन्दुआटांड़) गांवों में छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर गठित छापामारी दल ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों को साइबर अपराध करते हुए रंगे हाथ पकड़ा।गिरफ्तार आरोपियों में पिण्डारी (दास टोला) निवासी प्रीतम दास (25), विनोद दास (23) तथा बरमुण्डी निवासी मो. तुफान उर्फ तुफान अंसारी (28) शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 10 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इस संबंध में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 31/26, दिनांक 30 मई 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी एचडीएफसी बैंक, एसबीआई समेत अन्य बैंकों के ग्राहकों को फोन कर कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी करने का झांसा देते थे। इसके बाद गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार इनका नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था। छापेमारी दल में साइबर थाना और आईआरबी के जवान भी शामिल थे।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट………….
