धनबाद के बरोरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिले अज्ञात शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि बीसीसीएल में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने की लालच में बेटे ने ही अपने पिता की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को बताया कि 20 जून 2026 की सुबह लगभग 4:45 बजे बरोरा थाना पुलिस को चौकीदार के माध्यम से सूचना मिली थी कि चिटाही से बरोरा जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बरोरा थाना कांड संख्या 31/2026 दर्ज किया और जांच शुरू की।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मृतक की पहचान तुलेश्वर नोनिया के रूप में की। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मृतक के बेटे विजय नोनिया ने बीसीसीएल में पिता की जगह नौकरी पाने के उद्देश्य से अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह को 10 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवाई थी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, खून से सने कपड़े, जूते-चप्पल, गमछा तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय नोनिया, अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है और रिश्तों को शर्मसार करने वाली इस घटना की हर ओर चर्चा हो रही है।
