देवघर। मोहनपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के पास सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान रिखिया थाना क्षेत्र के लुटियातरी गांव निवासी बबलू कुमार सिंह (27 वर्ष) तथा मोहनपुर थाना क्षेत्र के सुथनीय गांव निवासी प्रदीप बावरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक बबलू कुमार सिंह के भाई रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि बबलू सूरत में काम करता था। उसकी शादी आगामी 6 जुलाई को जामताड़ा में तय हुई थी। शादी की तैयारियों के लिए वह कुछ दिन पहले ही घर आया था। सोमवार को वह अपने मित्र प्रदीप बावरी के साथ बाइक से किसी काम से मोहनपुर गया था। वहां से लौटने के दौरान डुमरिया गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। एक ओर जहां परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक की लहर है।
