धनबाद शहर में एक बार फिर बम की अफवाह से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट मोड में आ गया और कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।


धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना के बाद पुलिस हरकत में आ गई। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इसी तरह की धमकी देने वाले एक शख्स को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बावजूद आज फिर धनबाद कोर्ट को धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस ने आरपीएफ की डॉग स्क्वायड टीम के साथ पूरे कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया। कोर्ट के कोने-कोने की बारीकी से जांच की गई।
वहीं अधिवक्ता ने कहा कि बम की अफवाह के बाद पुलिस द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
काफी देर तक चले तलाशी अभियान के दौरान फिलहाल किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की सूचना नहीं है। हालांकि एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे परिसर में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस किसी भी तरह की लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
