दुमका :-भारतीय क्रिकेट टीम के अंडर 19 टीम में सेलेक्शन और रणजी ट्रॉफी खिलाने के नाम पर 06 माह पूर्व एक शिक्षक से एक करोड रुपए की ठगी की गई थी । इस मामले कि आरोपी किसलय पल्लव को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है ।
दुमका नगर थाना में यह केस 12 अक्टूबर 2025 को सरकारी विद्यालय के शिक्षक बुलबुल कुमार ने कराया था । थाने में दिए आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया था कि दुमका शहर के बख्शी बांध ही रहने वाले किसलय पल्लव ने मेरे पुत्र आशुतोष आनन्द को भारतीय क्रिकेट टीम के अंडर19 और रणजी ट्रॉफी में चयन करवा देने के नाम पर किस्तों में मुझे एक करोड रुपए लिए । मैंने इस एक करोड रुपए में नगद 50 लाख और ऑनलाइन के माध्यम से 50 लाख दिये । रुपए लेने के बाद किसलय पल्लव ने बीसीसीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर के द्वारा निर्गत किया गया एक पत्र मुझे सौंपा । जिसमें यह उल्लेख था कि मेरे बेटे का चयन अंडर-19 टीम में कर लिया गया है । लेटर में बीसीसीआई का लोगो भी लगा था । इधर जब हमने हमने उस लेटर की वास्तविकता का पता लगाया तो पता चला कि लेटर नकली है , मेरे पुत्र का नाम टीम में नहीं है । मतलब इस लेटर ने ही इस बात का भंडाफोड़ किया कि उनके साथ ठगी हो रही थी । साथ ही बुलबुल कुमार ने अपने आवेदन में संबंधित बैंक खातों की छाया प्रति , बीसीसीआई का नकली लेटर , बीसीसीआई का नकली ईमेल की कॉपी भी संलग्न किया था । नगर थाना में यह मामला केस संख्या 185/25 में दर्ज कर लिया था और पुलिस जांच में जुट गई थी ।
एक करोड़ की ठगी के मामले में पुलिस के द्वारा जांच आरंभ किया गया और अंततः लगभग छह माह बाद आज रविवार को किसलय पल्लव की गिरफ्तारी हुई लेकिन यहां दुःखद बात यह है कि ठगी का शिकार होने वाले आवेदनकर्ता बुलबुल कुमार की मौत इस बीच बीमारी की वज़ह से हो गई ।
इस पूरे मामले पर दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने जानकारी दी की अंडर 19 टीम में सेलेक्शन के नाम पर एक करोड़ की ठगी करने वाले किसलय पल्लव को गिरफ्तार कर लिया गया है । साथ ही आज उसे जेल भी भेज दिया गया है । इस मामले की आगे भी तहकीकात की जा रही है ।
