दुमका:एक खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना और अपने देश का नाम रौशन करने के बाद जिला के उपायुक्त के हाथों सम्मानित होना गर्व की बात होती है। दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने खिलाड़ी रोहित कुमार एवं आयुष रंजन को अंडर-19 साउथ एशियन चैंपियनशिप 2026( गोल शॉट बॉल) श्रीलंका में आयोजित प्रतिस्पर्धा के फाइनल मुकाबले में जीत हासिल करने पर सम्मानित किया।बताते चलें कि दुमका जिला अंतर्गत रामगढ़ प्रखंड के शंकरपुर पंचायत भतुडिया बी स्थित पैतृक आवास पर साउथ एशियन चैंपियनशिप 2026 (गोल शॉट बॉल) के विजेता टीम के स्टार खिलाड़ी रोहित कुमार राय के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।श्रीलंका की कार्यकारी एवं न्यायिक राजधानी कोलंबो में आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया था। इस ऐतिहासिक जीत में रामगढ़ के रोहित कुमार राय एवं दुमका कुम्हारपाड़ा के आयुष रंजन की अहम भूमिका थी, जिसके चलते क्षेत्र में खुशी और गौरव का माहौल है। सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षक, पत्रकार एवं परिजन उपस्थित हुए थे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दुमका जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर कुमार मंडल तथा जिला परिषद सदस्य अनिता देवी भी शामिल हुए। अतिथियों ने रोहित कुमार राय को माला पहनाकर, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।वहीं बीते शुक्रवार को रोहित कुमार एवं आयुष जब भारतीय रेल पर सवार होकर जसीडीह स्टेशन पहुंचे तो वहां पर भी उनका जोरदार स्वागत किया गया था। इस बाबत जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर कुमार मंडल ने कहा कि रोहित एवं आयुष ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा से न केवल अपने गांव और जिले का बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराना पूरे संथाल परगना के लिए गर्व की बात है। रोहित की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। इससे अन्य खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
