परिवार ने रिश्तेदारों पर लगाया अपहरण का आरोप
पाकुड़ जिले के रामचंद्रपुर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 15 वर्षीय किशोरी अलियारा खातून रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई।परिजनों ने सीधे तौर पर अपहरण का आरोप लगाते हुए 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।जानकारी के मुताबिक, रामचंद्रपुर निवासी अम्बिया बीबी की पुत्री अलियारा खातून 06 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे इलामी स्थित अपनी बहन के ससुराल से वापस लौट रही थी।इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई।काफी खोजबीन के बाद भी जब किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।परिवार का आरोप है कि उनके बेटे के ससुराल पक्ष के लोगों ने सुनियोजित तरीके से किशोरी का अपहरण किया है।शिकायत के आधार पर पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि किशोरी की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच जारी है।
