दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कुशबोना रोड पर शिकारीपाड़ा कॉलेज मोड़ के समीप एक अनियंत्रित ट्रैक्टर खाई में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, चालक खेतों की जुताई करने के बाद ट्रैक्टर लेकर अपने गांव भुक्तानडीह लौट रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया और घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गई।आशंका जताई जा रही है कि दुर्घटना बीती शाम हुई थी, लेकिन सुनसान इलाका होने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों ने खाई में पलटा ट्रैक्टर और शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शिकारीपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

