बासुकीनाथ धाम में महाशिवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु बासुकीनाथ सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं बाबा बासुकीनाथ मंदिर न्यास समिति के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित जलार्पण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि बासुकीनाथ धाम में उन्हें सुखद एवं सुगम अनुभव प्राप्त हो। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग महाशिवरात्रि से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें। उन्होंने मंदिर प्रांगण, आसपास के क्षेत्र एवं शिवबारात रूटलाइन में बिजली, लाइटिंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, सड़क, स्लैब, बैरिकेडिंग, स्वास्थ्य, अग्निशमन एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। साथ ही अतिक्रमण मुक्त सड़क एवं यातायात के सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को कहा। कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को मंदिर परिसर, शिवबारात रूटलाइन एवं मंदिरों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत पोल व ट्रांसफॉर्मर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने पूर्व में मंदिर परिसर एवं शिवबारात रूटलाइन का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।
