दुमका जिला अंतर्गत शुक्रवार को जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अंजना रानी मिंज एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेंद्र कुमार सिन्हा ने रामगढ़ बाजार स्थित कई मिठाई दुकानों की जांच की| इस दौरान उपलब्ध मिठाई का सैंपल लेने के बाद दोषी दुकानदारों को आर्थिक दंड के साथ ही खाद्य लाइसेंस लेने का नोटिस दिया।जांच टीम सर्वप्रथम ब्लाक रोड स्थित उत्तम दत्त के चनाचूर फैक्ट्री पहुंची।चनाचूर फैक्ट्री बंद मिली| खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद उत्तम दत्त को फूड लाइसेंस लेने तथा साफ, सफाई का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। जबकि ब्लाक रोड स्थित धिरेन रुज के मिठाई दुकान में जांच टीम के द्वारा लड्डू तथा सोनपापड़ी का सैंपल लेने के दौरान सोनपापड़ी में इंडस्ट्रियल रंग मिला होने की पुष्टि होने पर 500 रुपए का जुर्माना लगाने के साथ ही काउंटर में लगी हुई करीब 3 किलो सोनपापड़ी को मौके पर नष्ट करते हुए आगे से रंग मिली हुई मिठाई नहीं बेचने का निर्देश दिया।रामगढ़ बाजार स्थित दसरथ दास के दुकान में काफी अनियमितता देखने को मिली लड्डू, बुंदिया पकौड़ी तथा भुजिया का सैंपल लिया गया। जिसमें लड्डू तथा बुंदिया दोनों ही मिठाई में बिसैला रंग मिला होने की पुष्टि होने पर दुकानदार को 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया साथ ही सभी लड्डू एवं बुंदिया को मौके पर नष्ट करते हुए खाद्य लाइसेंस लेने एवं साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने की सख्त हिदायत दी गई। विनायक स्वीट्स में उपलब्ध मिठाई की जांच के दौरान सभी मिठाईयां सही पाई गयी। रामगढ़ में पहली बार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के द्वारा जांच किए जाने की खबर मिलते ही अधिकांश दुकानदारों ने अपने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए थे। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी तथा बीडीओ ने सभी दुकानदारों से कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय समय पर छापामारी अभियान चलाकर गलत करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना के साथ ही प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। जांच टीम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी आशीष रंजन, खाद्य सुरक्षा कार्यालय दुमका के कर्मी नटवर साह के साथ ही रामगढ़ थाना के पुलिस कर्मी मौजूद थे।
