बीडीओ ने गैस गोदाम पहुंचकर की स्टॉक जांच…….
दुमका के रामगढ़ प्रखंड में एलपीजी सिलिंडर की कथित किल्लत और अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायत को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने हंगामा किया और रामगढ़-गुहियाजोरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि गैस वितरण से जुड़े एक व्यक्ति द्वारा उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली जा रही है।ग्रामीणों के अनुसार विभिन्न गैस एजेंसियों के लिए काम करने वाले भरत मंडल द्वारा एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराने के नाम पर उपभोक्ताओं से अधिक पैसे लिए जा रहे थे।इसको लेकर ग्रामीणों ने रामगढ़ के बीडीओ कमलेन्द्र कुमार सिन्हा से शिकायत की।शनिवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सरैयाहाट से एलपीजी सिलिंडर लेकर आए एक पिकअप वाहन को ग्रामीणों ने रोक लिया और करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दिया।सूचना मिलने पर बीडीओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।इसके बाद अधिकारियों की टीम लखनपुर रोड स्थित भरत मंडल के गैस गोदाम की जांच के लिए पहुंची।हालांकि उस समय गोदाम का ताला बंद होने के कारण जांच नहीं हो सकी।बीडीओ ने गोदाम पर चौकीदार की प्रतिनियुक्ति करते हुए संचालक की पत्नी को दो घंटे के भीतर ताला खोलने का निर्देश दिया अन्यथा गोदाम सील करने की चेतावनी दी।इसके बाद शाम करीब साढ़े सात बजे गोदाम की जांच की गयी।जांच के दौरान गोदाम में घरेलू एलपीजी सिलिंडर भरा हुआ नहीं मिला, लेकिन बड़ी संख्या में कमर्शियल कनेक्शन वाले खाली सिलिंडर पाए गए।भरत मंडल ने बताया कि वे विभिन्न गैस एजेंसियों के साथ मिलकर उपभोक्ताओं तक सिलिंडर पहुंची हैं।गैस आपूर्ति के लिए उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सरकार द्वारा ओटीपी भेजे जाने की व्यवस्था है।ओटीपी के बिना आपूर्ति संभव नहीं है और कालाबाजारी का आरोप निराधार है। बीडीओ ने संचालक को सिलिंडर वितरण में सरकारी मानकों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ही एलपीजी उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया।
