सरैयाहाट प्रखंड कार्यालय के प्रधान लिपिक 5 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार………..
झारखंड के दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड सह अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान लिपिक आनंद भारद्वाज को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में रिपोर्ट देने के एवज में प्रधान लिपिक ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत जैसे ही प्रधान लिपिक ने 5 हजार रुपये की पहली किस्त रिश्वत के रूप में स्वीकार की, टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने कार्यालय में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और आरोपी को अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई। इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है।एसीबी अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है तथा आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में एसीबी की तत्परता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख की चर्चा हो रही है।
