गढ़वा जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र के बैरिया गांव स्थित तालाब में जितिया पर्व के लिए कुरइन पत्ता लेने गए 35 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रंका थाना क्षेत्र के चुटिया गांव निवासी संतोष लोहरा के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, संतोष लोहरा अपने भाई के साथ जितिया पर्व को लेकर बैरिया तालाब में कुरइन पत्ता लेने पहुंचा था। पत्ता लेने के दौरान वह तालाब के पानी में उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को बचाने के प्रयास में उसका भाई भी पानी में डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्यूब की मदद से उसके भाई को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन संतोष को नहीं बचाया जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही रमकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि तालाब में डूबने से युवक की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
