रातभर रतजगा कर रहे ग्रामीण……………..


गढ़वा जिले के रमकंडा प्रखंड में पिछले करीब एक सप्ताह से हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। तिलैयाटांड़ समेत पांच गांवों में हाथियों का झुंड लगातार विचरण कर रहा है और खेतों में लगी फसलों को बर्बाद कर रहा है। रविवार को दिन के उजाले में ही एक हाथी तिलैयाटांड़ गांव के आसपास पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को जंगल की ओर भगाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों के अनुसार, तिलैयाटांड़, बिराजपुर, गंगाटोली और कुशवार समेत आसपास के क्षेत्रों में हाथियों का लगातार आना-जाना लगा हुआ है। हाथियों ने धान, मक्का समेत अन्य फसलों को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया है। पिछले एक सप्ताह में हाथियों के उत्पात से दो पशुधन की मौत और एक पशु के घायल होने की बात सामने आई है।
हाथियों के गांव के आसपास मंडराने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग समूह बनाकर अलाव और टॉर्च की रोशनी के सहारे रातभर जागकर घर और खेतों की रखवाली कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर करने, निगरानी बढ़ाने तथा फसल और पशुधन के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
