गिरिडीह। झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को रविवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए। उन्होंने पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्मशान घाट तक पहुंचाया और दाह संस्कार में शामिल होकर अंतिम विदाई दी। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि देर रात हृदयाघात से सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन पूरे राज्य के लिए अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। अंतिम यात्रा में मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी और हजारों समर्थक शामिल हुए। नम आंखों से लोगों ने अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी।


