एलईडी टीवी, बैट्री, जेवरात, बाइक और चोरी के औजार समेत 16 सामान बरामद………………..
गोड्डा। मुफस्सिल थाना पुलिस ने चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एलईडी टीवी, बैट्री, इनवर्टर, सोना-चांदी के जेवरात, मोटरसाइकिल, टोटो समेत चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार मालिनी हाई स्कूल, हरना मोड़ और माल डुमरिया में करीब एक माह पूर्व चोरी की घटनाएं हुई थीं। इस संबंध में थाना में कांड संख्या 136/2026, 143/2026 और 148/2026 दर्ज किए गए थे। एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने दियारा के समीप ओवरब्रिज के नीचे संदिग्ध युवकों को देखा। भागने के दौरान रौशन कुमार साह को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने साथियों के साथ चोरी की बात स्वीकार की। इसके बाद सुमित कुमार, छोटू कुमार यादव और पप्पु वर्मा को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक तीन आरोपियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास भी रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
