देशी कट्टा और मशीन बरामद…………….
गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में बिहार STF और गोड्डा पुलिस की संयुक्त टीम ने कथित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने घाट बलिया गांव में पवन तुरी के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को घर से देशी कट्टा, बंदूक की नली बनाने वाली मशीन और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान बरामद होने की बात सामने आई है।
बताया गया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के कई लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर हथियार निर्माण का काम कब से चल रहा था और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
संयुक्त कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस बरामद सामान की जांच के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल मामले में पुलिस की विस्तृत आधिकारिक जानकारी और बरामदगी की पुष्टि का इंतजार है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
