जामताड़ा में मासिक अपराध गोष्ठी, एसपी शम्भु कुमार सिंह ने साइबर अपराधियों और फरार आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश जामताड़ा:पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जामताड़ा में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित हुई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसपी ने गंभीर अपराधियों, सीमावर्ती क्षेत्रों के सक्रिय अपराधियों और जेल से छूटे अपराधियों की सूची तैयार कर उन पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया।बैठक में बताया गया कि मई 2026 से अब तक 753 वारंटों का निष्पादन किया गया, जबकि जून 2026 में 43 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए एसपी ने साइबर ठगी में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार छापेमारी और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शॉप सहित संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जांच, नियमित गश्ती और सड़क सुरक्षा अभियान चलाने पर जोर दिया गया। आगामी श्रावणी मेला 2026 को देखते हुए कांवरियों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के बाद पुलिस सभा में पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के निर्देश दिए गए।
