गोड्डा। बलबड्डा थाना क्षेत्र में माइक्रोफाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से 1.31 लाख रुपये की पिस्टल के बल पर लूट की शिकायत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, कंपनी की राशि गबन करने की नीयत से कर्मचारी शंभू कुमार शर्मा ने लूट की मनगढ़ंत कहानी रची थी।
आईआईएफएल समस्ता माइक्रोफाइनेंस लिमिटेड, कहलगांव शाखा में आरओ के पद पर कार्यरत शंभू ने चौरा-धनकुड़िया के पास चार अज्ञात अपराधियों द्वारा रुपये छीनने की शिकायत की थी। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ महागामा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। पूछताछ में संदेह सही निकला और शंभू ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
उसकी निशानदेही पर 1.22 लाख रुपये, वीवो V27 मोबाइल और घटना में प्रयुक्त होंडा एसपी-125 बाइक बरामद हुई। कंपनी के शाखा प्रबंधक के आवेदन पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
