गोड्डा पुलिस ने बलबड्डा एवं मेहरमा थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई अपहरण, हत्या और रंगदारी जैसी गंभीर वारदातों का सफल उद्भेदन करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने समन्वित कार्रवाई करते हुए इस बड़ी सफलता को हासिल किया।
पुलिस जांच के दौरान मानवीय आसूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बलबड्डा थाना क्षेत्र के कोकरा खास गांव के चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने कई सनसनीखेज अपराधों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
घटनाओं का खुलासा इस प्रकार हुआ:
- गांव के आपसी विवाद में 13 वर्षीय किशोर की गला दबाकर हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया।
- एक सीमेंट-छड़ व्यवसायी का अपहरण कर 5 लाख रुपये की फिरौती वसूली गई और उस पर जानलेवा हमला किया गया।
- आईसक्रीम विक्रेता पिंटू तांती की गोली मारकर हत्या कर लूटपाट की गई।
- मेहरमा के सुड़नी चौक पर एक अनाज व्यवसायी से रंगदारी मांगते हुए फायरिंग की गई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।
हथियार और सामान की बड़ी बरामदगी:
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है, जिसमें एक मैगजीन युक्त पिस्टल (विदेशी मार्किंग के साथ), दो देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, सुतली बम, दबिया, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और एक टोटो वाहन शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
मिथलेस कुमार दास, सुमन कुमार उर्फ सोनू, प्यारेलाल तांती और पवन कुमार दास—सभी कोकरा खास, बलबड्डा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं SIT अन्य संभावित अपराधियों की संलिप्तता और इन आरोपियों के अन्य मामलों में जुड़े होने की भी गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस का संदेश:
गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
