गोड्डा: महागामा थाना क्षेत्र के बसुआ चौक स्थित अधनिर्मित पार्क में खेल रहे दो मासूम बच्चे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घायलों की पहचान बसुआ चौक निवासी गुंजन ठाकुर के पुत्र प्रिंस कुमार (8 वर्ष) तथा सूरज भगत के पुत्र यश राज (5 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया कि हादसे में प्रिंस कुमार करीब 80 प्रतिशत तथा यश राज लगभग 30 प्रतिशत तक झुलस गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को तत्काल महागामा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मौके पे मौजूद चिकित्सक डॉ सीमा होरो एवं चिकित्सा प्रभारी डॉ खालिद अंजुम ने भर्ती कर प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली । स्थानीय लोगों ने अधनिर्मित पार्क के समीप खुले एवं असुरक्षित बिजली तारों को लेकर नाराजगी जताई तथा जिम्मेदार विभाग से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे बसुआ चौक क्षेत्र में चिंता और मायूसी का माहौल है।
