हजारीबाग भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) हजारीबाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जलपथ प्रमंडल बरही के कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के खरखरी गांव निवासी ब्रजेश कुमार राय ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी कंपनी Ganga Construction & Infrastructure Pvt. Ltd. को पंचायतखेरो रिजर्वायर योजना के तहत सड़क, पैरापेट, बैरियर, ड्रेन और बाउंड्री पिलर निर्माण का कार्य (Agreement No- 032F/2024-25) मिला है।
आरोप है कि इस कार्य के एवज में कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार मालतो द्वारा दिसंबर में हुए Revised Agreement की राशि का 1%, अब तक किए गए भुगतान का 1% और उड़नदस्ता टीम के नाम पर कुल 5 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान यह आरोप सही पाया गया। जांच में सामने आया कि राहुल कुमार मालतो और सहायक अभियंता चिरंजीवी दांगी दोनों मिलकर आवेदक से ₹1,72,000 रिश्वत मांग रहे थे।
इसके बाद ACB हजारीबाग थाना में कांड संख्या 03/2026, दिनांक 08.04.2026 को मामला दर्ज किया गया। आज 09 अप्रैल 2026 को दंडाधिकारी और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में गठित ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को ₹1,72,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। ACB अधिकारियों ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
