जामताड़ा: नारायणपुर प्रखंड के चैनपुर बाजार में सड़क पर जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले सड़क निर्माण कार्य पूरा हुआ है, लेकिन सड़क किनारे पानी निकासी के लिए नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी जमा हो जाता है।
बारिश के बाद काफी देर तक पानी जमा रहने से दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत होती है। बाजार क्षेत्र में दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। जलजमाव के कारण पैदल चलने वालों को पानी के बीच से गुजरना पड़ता है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाती तो यह समस्या नहीं होती। सड़क पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से सड़क के जल्द क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने सड़क परिवहन विभाग, जामताड़ा से चैनपुर बाजार की सड़क का स्थल निरीक्षण कर जल निकासी के लिए नाली निर्माण कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की व्यवस्था भी जरूरी है, ताकि बारिश में आवागमन सुचारु रह सके।
नारायणपुर से अजीज अंसारी की रिपोर्ट………
