13 मोबाइल, 13 फर्जी सिम, 8 एटीएम कार्ड और 2.20 लाख रुपये बरामद……..

जामताड़ा। गौतम ठाकुर। जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जामताड़ा और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 13 फर्जी सिम कार्ड, आठ एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और 2 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। एसपी शंभू कुमार सिंह ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हरियाणा सिटी गैस और अडानी गैस के उपभोक्ताओं को निशाना बनाते थे। बिल अपडेट कराने के नाम पर लोगों को झांसा देकर उनके मोबाइल पर फर्जी एपीके फाइल भेजी जाती थी। इसके अलावा आरोपी यूको बैंक समेत अन्य प्रतिष्ठित बैंकों के अधिकारी या प्रतिनिधि बनकर भी लोगों को फोन करते थे।
आरोपी ग्राहकों को डराकर या बहला-फुसलाकर फर्जी एपीके डाउनलोड करवाते और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी करते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
