जामताड़ा पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र में विशेष छापामारी की गई, जिसमें तीन साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई उत्क्रमित मध्य विद्यालय कशियाटांड़ के पास सिनूहार की झाड़ी में की गई, जहां आरोपी साइबर ठगी में लिप्त थे। साइबर अपराध थाना में मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने जानकारी देते हुए कहा की तिन गिरफ्तार आरोपी हातिम अंसारी, बिनोद मंडल और नजरुद्दीन अंसारी मुख्य रूप से फोन पे के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापामारी की और आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस अब उनके नेटवर्क और अन्य जुड़े साइबर अपराधियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
