जामताड़ा जिले में अवैध शराब और गांजा के बाद अब ब्राउन शुगर की तस्करी का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जिले में पहली बार ब्राउन शुगर बरामद होने की घटना को पुलिस नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जामताड़ा पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जामताड़ा शहरी क्षेत्र के कायस्थ पाड़ा निवासी चंदन मंडल के रूप में हुई है, जो पेशे से टोटो चालक बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से ब्राउन शुगर बरामद की है। हालांकि बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ब्राउन शुगर की खेप जिले में कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट……….
