जामताड़ा: एक्सेल डेटा सर्विस द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सारथी योजना के मेगा स्किल सेंटर में शनिवार को मेगा प्लेसमेंट ड्राइव एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम झारखंड कौशल विकास सोसाइटी (JSDMS) तथा श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।इस अवसर पर विभिन्न ट्रेडों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 30 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से चयनित 8 युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर सौंपे गए। कार्यक्रम में कई निजी कंपनियों एवं स्थानीय नियोक्ताओं ने भाग लेकर प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया और उनकी योग्यता के आधार पर चयन किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कौशल पदाधिकारी प्रशांत टुडू ने कहा कि मुख्यमंत्री सारथी योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने युवाओं से कौशल प्रशिक्षण का अधिकाधिक लाभ उठाने और बेहतर रोजगार के अवसरों का उपयोग करने का आह्वान किया।एक्सेल डेटा सर्विस के प्लेसमेंट हेड मोहम्मद रजाक अहमद ने बताया कि संस्थान युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के साथ-साथ रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम में यूएनडीपी के प्रतिनिधि प्रवीण सिंह, प्रशिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
