गोड्डा जिला के महागामा थाना क्षेत्र में सोना चमकाने के नाम पर 76 वर्षीय महिला से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर ठगी का सोना (पिघले हुए रूप में), घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, नकद राशि तथा सोना साफ करने में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस के अनुसार, उर्जानगर निवासी कांता देवी (76 वर्ष) ने 7 जुलाई को महागामा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो अज्ञात व्यक्ति सोना-चांदी चमकाने का झांसा देकर उनके सोने के आभूषण ठगकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर महागामा थाना कांड संख्या 129/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ महागामा वरुण रजक के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र में छापेमारी कर राजेश कुमार साह (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर ठगी का पिघला हुआ सोना, सोना साफ करने वाले ब्रश, तीन बोतल क्लीनिंग लिक्विड, शाइनिंग पाउडर, गुलाबी रंग का पाउडर, घटना के समय पहना गया काला शर्ट और जूता, सोना बेचकर प्राप्त ₹18,000 नकद, सोना जैसा पदार्थ तथा घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल (BR10AS3660) बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
