राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले के दोनों नगर क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता जारी
शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त निर्वाचन संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन, जामताड़ा कृत संकल्पित है – उपायुक्त
जिले के दोनों नगर निकायों मिहिजाम एवं जामताड़ा के लिए 23 फरवरी को होगा मतदान; 27 फरवरी को होगी मतगणना
बैलेट पेपर से निर्वाचन प्रक्रिया कराई जाएगी संपन्न; अध्यक्ष पद के हल्का गुलाबी व वार्ड पार्षद के लिए होगा सफेद बैलेट पेपर
निर्वाचन 2026 के निमित्त निर्वाचन प्रक्रम से जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को अवगत कराने हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त जामताड़ा रवि आनंद की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) रवि आनंद ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों को नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कहा कि कल दिनांक 27 जनवरी को राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम जारी किया गया है एवं तत्काल प्रभाव से जिले के दोनों नगर पंचायत जामताड़ा एवं नगर परिषद मिहिजाम क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। जिले में दोनों नगर निकायों के अंतर्गत मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) के कुल 20 वार्डों के लिए 39 मतदान केंद्रों में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी, जिसमें कुल 37056 मतदाता (18611 पुरुष एवं 18442 महिला एवं तृतीय लिंग 03 सहित) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी प्रकार जामताड़ा नगर पंचायत के कुल 16 वार्डों के लिए 28 मतदान केंद्रों में मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी जिसमें कुल 26467 मतदाता ( 13165 पुरुष एवं 13302 महिला सहित) अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि जिले में निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में नगरपालिका आम निर्वाचन संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग से जारी निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन सूचना का प्रकाशन आज 28.01.2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे कर दिया गया है। वहीं नाम निर्देशन के लिए कल दिनांक 29.01.2026 (गुरुवार) से 04.02.2026 (बुधवार) तक प्रत्येक कार्यदिवस में (अवकाश के दिनों को छोड़कर) पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक तिथि निर्धारित है। इसके अलावा नाम निर्देशन की संवीक्षा 05.02.2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक की जाएगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की तिथि 06.02.2026 है, वहीं निर्वाचन प्रतीक आवंटन की तिथि 07.02.2026 है। मतदान की तिथि 23.02.2026 (पूर्वाह्न 07:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक) निर्धारित है जबकि मतगणना 27.02.2026 को पूर्वाह्न 08:00 बजे से प्रारंभ की जाएगी।
गैर दलीय आधार पर अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद हेतु प्रत्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद हेतु होगा अप्रत्यक्ष निर्वाचन
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) रवि आनंद ने आगे कहा कि नगर निकाय में अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद का प्रत्यक्ष निर्वाचन गैर दलीय आधार पर होगा एवं उपाध्यक्ष पद (अनारक्षित) हेतु अप्रत्यक्ष निर्वाचन होगा। बताया कि मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) एवं जामताड़ा नगर पंचायत हेतु अध्यक्ष पद अनारक्षित (महिला) है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत मतदाता पहचान पत्र एवं वैकल्पिक दस्तावेजों के माध्यम से मतदाता कर सकेंगे मतदान
उपायुक्त ने कहा कि दिनांक 01 जुलाई 2024 को अहर्ता तिथि मानते हुए 27.08.2024 को अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची एवं दिनांक 01.10.2024 के अहर्ता तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हेतु तैयार मतदाता सूची के आधार पर नगरपालिका निर्वाचन हेतु वार्डवार विखंडित करते हुए अंतिम रूप से मतदाता सूची तैयार की गई है। निर्वाचन में मतदाता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत मतदाता पहचान पत्र के अलावे निर्धारित 11 वैकल्पिक दस्तावेजों के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन में मतपत्र एवं मतपेटिका प्रयोग में लाया जाएगा।
अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद के लिए निर्वाचन व्यय की अधिसीमा तय
उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद हेतु निर्वाचन व्यय की अधिसीमा निर्धारित कर दी गई है। इसके अनुसार मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) में अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन व्यय की अधिसीमा 06 लाख रुपए एवं वार्ड पार्षद पद के लिए यह सीमा 1.5 लाख रुपए निर्धारित है। इसी प्रकार जामताड़ा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन व्यय अधिसीमा 05 लाख रुपए एवं वार्ड पार्षद पद के लिए यह सीमा 01 लाख रुपए निर्धारित किया गया है। वहीं बताया कि निर्वाचन में नोटा का विकल्प नहीं है।
13 कोषांगों का किया गया है गठन
उपायुक्त ने कहा कि नगरपालिका आम निर्वाचन के सफल संचालन हेतु कुल 13 कोषांगों यथा कार्मिक, मतपत्र एवं मतपेटिका, सामग्री, परिवहन, विधि व्यवस्था एवं आचार संहिता, प्रेक्षक, प्रशिक्षण, मीडिया, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण, सूचना तकनीकी, नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन जन शिकायत एवं नगरपालिक निर्वाचन कोषांग का गठन किया गया है एवं कोषांगों में वरीय, नोडल एवं प्रभारी अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
निकायवार निर्वाची पदाधिकारी की दी गई जानकारी
प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने बताया कि मिहिजाम नगर परिषद (वर्ग ख) में अध्यक्ष पद के लिए निर्वाची पदाधिकारी के रूप में उप निर्वाचन पदाधिकारी जामताड़ा विजय कुमार एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप अंचल अधिकारी जामताड़ा अविश्वर मुर्मू को नामित किया गया है। वहीं वार्ड पार्षद (वार्ड संख्या 01 से 07) हेतु जिला भू अर्जन पदाधिकारी श्री सत्यप्रकाश को निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक अभियंता पीएचईडी विजय कुमार पासवान को सहायक निर्वाची पदाधिकारी नामित किया गया है। वार्ड पार्षद (वार्ड संख्या 08 से 14) हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी फतेहपुर प्रेम कुमार दास को निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक अभियंता विशेष प्रमंडल विमल कुमार को सहायक निर्वाची पदाधिकारी, इसके अलावा वार्ड पार्षद (वार्ड संख्या 15 से 20) हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंडहित जमाले राजा को निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक अभियंता सिंचाई प्रमंडल टूपलाल कुमार वर्मा को सहायक निर्वाची पदाधिकारी नामित किया गया है।
वहीं जामताड़ा नगर पंचायत के अध्यक्ष पद हेतु निर्वाची पदाधिकारी अपर समाहर्ता जामताड़ा श्रीमती पूनम कच्छप को नामित किया गया है एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी नाला आकांक्षा कुमारी को नामित किया गया है।
वहीं वार्ड पार्षद (वार्ड संख्या 01 से 08) हेतु जिला आपूर्ति पदाधिकारी मो० कयूम अंसारी को निर्वाची पदाधिकारी एवं सहायक अभियंता पथ प्रमंडल बहादुर साव को सहायक निर्वाची पदाधिकारी नामित किया गया है। इसके अलावा वार्ड पार्षद (वार्ड संख्या 09 से 16) हेतु निर्वाची पदाधिकारी अंचल अधिकारी नारायणपुर देवराज गुप्ता को एवं सहायक अभियंता पथ प्रमंडल सालभातर टुडू को सहायक निर्वाची पदाधिकारी नामित किया गया है।
इन स्थलों में होगा नामांकन
उपायुक्त ने बताया कि 15 जामताड़ा नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया अपर समाहर्ता जामताड़ा कक्ष (समाहरणालय भवन के भूतल) में तहत वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन प्रक्रिया एनआईसी कार्यालय के बाएं स्थित हॉल (समाहरणालय के प्रथम तल) पर होगा।
वहीं मिहिजाम नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया उप निर्वाचन पदाधिकारी जामताड़ा के कक्ष (समाहरणालय भवन जामताड़ा के भूतल) में होगा। वहीं वार्ड पार्षद वार्ड संख्या 01 से 07 के लिए नामांकन प्रक्रिया जिला भू अर्जन पदाधिकारी, जामताड़ा के कक्ष (समाहरणालय भवन के भूतल) में, वार्ड पार्षद पद वार्ड संख्या 08 से 20 के लिए नामांकन प्रक्रिया जिला राजस्व शाखा के बाएं स्थित हॉल (समाहरणालय भवन के भूतल) में संपन्न कराई जाएगी।
वहीं इस अवसर पर ,पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि जिले के दोनों नगर निकायों में भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने के लिए जामताड़ा पुलिस के द्वारा कुल 11 चेकपोस्टों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका उद्देश्य चुनाव में अवैध शराब एवं कैश फ्लो को रोकना है। इसके अलावा चुनाव को प्रभावित करने वाले एवं निर्वाचन कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। चुनाव आयोग के द्वारा जो भी मानक तय किए गए हैं उसके अनुरूप पुलिस प्रशासन अपना कार्य करेगी। दोनों निकायों में चेकिंग एवं पुलिस गश्त को तेज किया जाएगा।
मौके पर,पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता , परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी, जामताड़ा अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला भू अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित मौजूद थे।

जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट
