जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड मुख्यालय परिसर के समीप दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12:35 बजे अज्ञात चोर एक बाइक लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है।जानकारी के अनुसार, प्रखंड मुख्यालय में कार्यरत कर्मचारी संजय कुमार अपनी मोटरसाइकिल (संख्या- जेएच 21 जी 8103) कार्यालय के समीप खड़ी कर काम करने गए थे। शाम को कार्यालय से लौटने पर उन्होंने देखा कि बाइक गायब है। काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने नाला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आसपास के क्षेत्रों सहित आसनसोल-दुमका मुख्य सड़क पर वाहनों की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।गौरतलब है कि पिछले एक महीने में क्षेत्र में बाइक चोरी की यह दूसरी घटना है। प्रखंड मुख्यालय में चौकीदारों की तैनाती के बावजूद चोरी की घटनाएं लगातार होने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट……..
