धनबाद। भौरा ओपी क्षेत्र में दामोदर नदी किनारे श्मशान घाट के पास युवक की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे प्रेम संबंधों से जुड़ा विवाद था। पुलिस ने मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार, मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, 31 मई 2026 को काली मेला स्थित दामोदर नदी तट के समीप श्मशान घाट के पास एक युवक का शव बरामद हुआ था। युवक की बेरहमी से गला रेतकर हत्या की गई थी। बाद में उसकी पहचान बोर्रागढ़ होरलाडीह निवासी 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी के रूप में हुई। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल डाटा और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो सका।
पुलिस के अनुसार, दिलशाद अंसारी का कोमल वर्णवाल नामक युवती के साथ प्रेम संबंध था। इसी बीच युवती की शादी रोशन कुमार से तय हो गई थी। प्रेम संबंधों और विवाह को लेकर उत्पन्न विवाद के कारण हत्या की साजिश रची गई और दिलशाद की हत्या कर दी गई।
पुलिस ने 21 वर्षीय कोमल वर्णवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
धनबाद से चंदन पांडे की रिपोर्ट……….
