जामताड़ा/फतेहपुर। फतेहपुर बाजार में शुक्रवार रात हुई एक बड़ी लूट की घटना ने कारोबारियों और स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया है। हथियारबंद अपराधियों ने न्यू जीबी ज्वेलर्स के संचालक अमरजीत वर्मन से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, अमरजीत वर्मन प्रतिदिन की तरह अपनी दुकान बंद कर सोना-चांदी का स्टॉक लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बजरंगबली चौक के समीप बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर उनके पास मौजूद आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित व्यवसायी के बयान के आधार पर फतेहपुर थाना में कांड संख्या 18/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी के अनुसार लूटे गए सामान में लगभग 5 किलोग्राम चांदी के आभूषण तथा करीब 65 ग्राम सोने के विभिन्न जेवरात शामिल हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभूनाथ सिंह स्वयं घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने न्यू जीबी ज्वेलर्स का निरीक्षण किया तथा पीड़ित व्यवसायी से पूरी घटना की जानकारी ली। एसपी ने पुलिस अधिकारियों को मामले के शीघ्र उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
इधर, घटना के बाद फतेहपुर बाजार के व्यवसायियों में भारी आक्रोश देखा गया। व्यापारियों ने एसपी से मुलाकात कर बाजार में स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित करने की मांग की। उनका कहना है कि क्षेत्र में पूर्व में भी कई आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। अब सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट………..
