जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डहित का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, रोस्टर ड्यूटी और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की।
उपायुक्त ने ओपीडी, फार्मेसी, दवा भंडारण कक्ष, जनरल एवं इमरजेंसी वार्ड, पैथोलॉजी लैब और प्रसव कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने फार्मेसी में एक्सपायरी तिथि के नजदीक पहुंच चुकी दवाओं को अलग रखने और नियमानुसार सुरक्षित डिस्पोजल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवा स्टॉक और वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा पदाधिकारियों को अस्पताल का पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं सप्ताह में एक दिन प्रखंड विकास पदाधिकारी को भी सीएचसी का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। मौके पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी, बीडीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट…………

