झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नाला विधायक सह झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि भाजपा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कथित कुचक्र का मुकाबला करने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार है।नाला प्रखंड मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में एसआईआर (मतदाता सूची पुनरीक्षण) तथा आगामी जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को सुधारने, नए मतदाताओं का नाम जुड़वाने तथा किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटने देने की अपील की।उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का विषय है। इसलिए बूथ स्तर तक जागरूकता अभियान चलाकर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और विभिन्न राज्यों में चल रही एसआईआर प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। रवींद्रनाथ महतो ने संगठन को बूथ, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक माहौल में संगठन की जिम्मेदारी बढ़ गई है और प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।बैठक के दौरान झामुमो पदाधिकारियों ने एसआईआर के पीछे भाजपा की नीयत और नीति पर सवाल उठाए। नेताओं का आरोप था कि एसआईआर की आड़ में आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े और वंचित वर्गों के मताधिकार को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उनके विभिन्न सरकारी अधिकारों पर भी असर पड़ सकता है।बैठक में राजू दास, मुकेश क्षा, तुफान मंडल, गोपी हाजरा समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट………
